बीकानेर। संभाग के चूरू जिले के दुधवाखारा थाना इलाके में 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची की मां बेटी के लिए दूध लेने गई थी। इस दौरान आरोपी ने बच्ची को घर में अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद मां वापस घर पहुंची तो आरोपी युवक बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था और बच्ची रो रही थी।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि बीती 21 अगस्त को वह अपनी 10 साल की बेटी के साथ अपने भाई और भाभी के घर गई थी। इस दौरान उसका भाई और भाभी खेत में चले गए, वह अपनी बेटी के साथ घर पर अकेली थी।
दोपहर के समय में वह अपनी बेटी को घर में छोड़कर पास में ही दूध लेने चली गई। करीब आधे घंटे के बाद जब वह दूध लेकर वापस लौटी को उसे बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर घर पहुंची तो उसने देखा कि जयप्रकाश नाम का युवक बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था।
बच्ची की मां को देखकर आरोपी घबरा गया और किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। आरोपी ने पीड़िता से कहा कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मार दूंगा। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने भाई और भाभी को दी। जिसके बाद थाने पहुंचकर आरेपी जयप्रकाश के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

