पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में हंगामा, मारपीट के आरोप के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया कार्य-बहिष्कार

Bikaner Rajasthan

पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में हंगामा, मारपीट के आरोप के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया कार्य-बहिष्कार

दैनिक खबरां,बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में शुक्रवार देर रात एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया, जिससे ट्रॉमा सेंटर की कई चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुईं।


जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल एक युवती को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। उपचार के बाद रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रतिभा अन्य मरीज के सीटी स्कैन संबंधी कार्य के लिए स्कैन रूम पहुंचीं। इसी दौरान उक्त युवती भी वहां पहुंची, जहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।


रेजिडेंट डॉक्टरों का आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने डॉ. प्रतिभा के साथ मारपीट की और थप्पड़ जड़ दिया, जिससे उन्हें चोट आई। घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर में मौजूद चिकित्सक एवं स्टाफ मौके पर एकत्र हो गए तथा पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और वरिष्ठ चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।


घटना से नाराज रेजिडेंट डॉक्टरों ने चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताते हुए शनिवार सुबह से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसके चलते ट्रॉमा सेंटर में सर्जरी, न्यूरोसर्जरी और ऑर्थोपेडिक विभाग सहित कई सेवाओं पर असर पड़ा। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल परिसर में चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा।


वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी घटना को लेकर अपनी बात रखे जाने की संभावना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।