
बातचीत के बहाने बुलाया, फिर लोहे की रॉड से किया हमला; युवक के सिर में आए 10 टांके
दैनिक खबरां,बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र में एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में 10 टांके लगाने पड़े। पुलिस के अनुसार अम्बेडकर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सुखराज कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 29 मई की रात करीब 8:15 बजे भगत लुहार निवासी नसीराबाद (अजमेर), जो वर्तमान में शिवबाड़ी घाटी में किराये पर रहता है, ने उसे बातचीत के बहाने शिवबाड़ी घाटी बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भगत लुहार ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में सुखराज के सिर, पैर और कमर में चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में 10 टांके लगाए गए। पीड़ित ने बताया कि उपचार और देर रात होने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका और अगले दिन थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर भगत लुहार एवं हरिसिंह के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुभाष को सौंपी गई है।

