पीबीएम ट्रॉमा कांड: महिला डॉक्टर पर हमले का मामला दर्ज, एफआईआर में सामने आया पूरा घटनाक्रम..

Bikaner Rajasthan

पीबीएम ट्रॉमा कांड: महिला डॉक्टर पर हमले का मामला दर्ज, एफआईआर में सामने आया घटनाक्रम

दैनिक खबरां,बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी के दौरान एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार जनरल सर्जरी विभाग की रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रतिभा अरोड़ा ने अस्पताल प्रशासन को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी ड्यूटी 29 मई की रात 8 बजे से 30 मई की सुबह 8 बजे तक ट्रॉमा सेंटर में लगी हुई थी। इसी दौरान 30 मई को करीब 1:30 बजे सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला मरीज उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंची थी।


रिपोर्ट के अनुसार उपचार के बाद डॉ. प्रतिभा एक अन्य मरीज की सीटी स्कैन रिपोर्ट देखने के लिए कंसोल रूम में गई थीं। आरोप है कि उक्त महिला मरीज बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर गई और चिकित्सकीय कार्य में बाधा पहुंचाने लगी। डॉक्टर द्वारा बाहर जाने के लिए कहने पर महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा धक्का-मुक्की करते हुए हमला कर दिया।


हमले में डॉक्टर के चेहरे, नाक और हाथ पर चोटें आईं तथा रक्तस्राव होने लगा। रिपोर्ट में बताया गया है कि घटना के बाद वह बेहोश हो गईं, जिन्हें सहकर्मी डॉक्टरों ने संभाला। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. इशांग गुलाटी, डॉ. विवेक सैनी, रेडियोग्राफर मोहसिन, रेडियोग्राफर नीरज तथा ऑर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. निखिल शामिल हैं।


मामले की सूचना मिलने पर पीबीएम अस्पताल के सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बिछवाल थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1) व 132 तथा राजस्थान चिकित्सा सेवा व्यक्ति एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा की रोकथाम एवं संपत्ति का नुकसान) अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक वेदपाल को सौंपी गई है। वहीं घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में रोष व्याप्त है और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।