रोहित गोदारा गैंग पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: गैंगस्टर के भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rajasthan

रोहित गोदारा गैंग पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: गैंगस्टर के भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार


दैनिक खबरां। बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले की जवाहर नगर थाना पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के हथियार सप्लाई नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके बड़े भाई हनुमान स्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गैंग से जुड़े बदमाश को पिस्टल, मैगजीन और नकदी उपलब्ध कराकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में मदद की थी।

पुलिस के अनुसार हनुमान स्वामी (42) निवासी कपुरीसर, लूणकरणसर (बीकानेर) को शुक्रवार को पाली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी गुजरात की ओर से राजस्थान आ रहा था। पुलिस को उसके आने की पहले से सूचना मिल गई थी, जिसके बाद तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर उसे दबोच लिया गया।


पुलिस जांच के अनुसार 18 मार्च को श्रीकरणपुर थाना पुलिस ने गुरजीत सिंह गिल (23) निवासी गुरुसर (श्रीगंगानगर) को एक पिस्टल, चार मैगजीन तथा चार अतिरिक्त मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान जवाहर नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहुल नागपाल (30) और नवजोत सिंह (23) को भी गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि बरामद हथियार रोहित गोदारा गैंग के लिए उपलब्ध कराए गए थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि रोहित गोदारा ने अपने बड़े भाई हनुमान स्वामी को गुरजीत सिंह तक हथियार और करीब एक लाख रुपये पहुंचाने के निर्देश दिए थे।


एसपी के अनुसार रोहित गोदारा गैंग से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। हनुमान स्वामी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में गैंग के हथियार सप्लाई नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।