कलेक्ट्रेट घेराव की आहट: परिसर छावनी में तब्दील, रास्ते सील, पर्यावरण प्रेमियों का भारी जमावड़ा, देखें वीडियो

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन बीकानेर पुलिस राजस्थान विविध समाचार

कलेक्ट्रेट घेराव की आहट: परिसर छावनी में तब्दील, रास्ते सील, पर्यावरण प्रेमियों का भारी जमावड़ा,देखें वीडियो

Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। खेजड़ी वृक्षों की कटाई पर रोक और सख़्त कानून की मांग को लेकर पर्यावरण प्रेमियों ने आज पॉलिटेक्निक कॉलेज से अपने आंदोलन का आगाज़ किया। राजस्थान सहित कई अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी बीकानेर पहुंचे। आंदोलन के दौरान वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए खेजड़ी संरक्षण के लिए कठोर कानून लागू करने की मांग उठाई।


देर रात्रि बिश्नोई धर्मशाला के सामने पर्यावरण प्रेमियों का जमावड़ा जारी रहा, जहां खेजड़ी संरक्षण पर आधारित नाटक का मंचन और जागरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा।
शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने मंच से ऐलान किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने संत-महात्माओं से समय और तारीख तय करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं सबसे आगे रहेंगे। भाटी ने युवाओं से एकजुट होकर बड़े आंदोलन के लिए आगे आने की अपील की और कहा कि सरकार को झुकाने के लिए व्यापक जनआंदोलन जरूरी है।


खेजड़ी बचाओ आंदोलन के समर्थन में व्यापारिक संगठनों ने बाजार बंद रखे। महापड़ाव के दौरान विधायक भाटी ने कहा कि उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया है, लेकिन अब सड़क से सदन तक दबाव बनाना होगा।
देर शाम जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और संत-महात्माओं से वार्ता की। वार्ता के बाद पर्यावरण प्रेमी मैदान से पॉलिटेक्निक कॉलेज की पब्लिक पार्क स्थित बिश्नोई धर्मशाला की ओर रवाना हो गए।