बीजेपी सांसद कस्वां को कांग्रेस से टिकट का ऑफर, आठ विधायकों को टिकट दे सकती है पार्टी; बड़े नेताओं पर कल होगा फैसला
जयपुर। लोकसभा चुनावों को लेकर राजस्थान में कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। गुरुवार को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति में करीब 10 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए जाएंगे।
इधर, सूत्रों की मानें तो चूरू से बीजेपी सांसद राहुल कस्वां का टिकट कटने के बाद कांग्रेस के नेता उनसे कॉन्टैक्ट में है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें चूरू से टिकट के लिए ऑफर कर रही है।
आठ विधायकों को लोकसभा टिकट देने पर विचार कांग्रेस भले ही पिछले दो लोकसभा चुनाव से सभी सीटें हार रही हो, लेकिन इस बार वह कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है, इसीलिए कांग्रेस आधा दर्जन से ज्यादा सीटों पर मौजूदा विधायकों को लोकसभा लड़ाने की तैयारी कर रही है। स्क्रीनिंग कमेटी ने इन विधायकों के नाम केंद्रीय चुनाव समिति(सीईसी) को भिजवाएं हैं।
जालोर-सिरोही से वैभव गहलोत, पाली से दिव्या मदेरणा का नाम
जालोर-सिरोही से वैभव गहलोत, बीकानेर से गोविंदराम मेघवाल, बारां-झालावाड़ से प्रमोद जैन भाया का नाम पैनल में है। पाली से पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा को मैदान में उतारा जा सकता है। कांग्रेस पहले फेज में बीकानेर, श्रीगंगानगर, जालोर-सिरोही, अजमेर, अलवर, टोंक-सवाईमाधोपुर, झुंझुनूं, भीलवाड़ा, कोटा-बूंदी, बारां-झालावाड़ और राजसमंद सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर सकती है।
राहुल कस्वां से संपर्क में कांग्रेस, चूरू से टिकट का ऑफर
कांग्रेस कुछ सीटों पर बीजेपी के नाराज नेताओं के साथ संपर्क में है। चूरू से बीजेपी का टिकट कटने के बाद से सांसद राहुल कस्वां नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस के रणनीतिकार राहुल कस्वां के संपर्क में हैं, अगर वे बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आते हैं, तो उन्हें चूरू से टिकट का ऑफर दिया है। राहुल कस्वां ने अभी रुख साफ नहीं किया है, इसलिए वेट एंड वॉच की रणनीति अपनाई जा रही है।
बड़े नेताओं को चुनाव लड़ाने पर कल सीईसी करेगी फैसला
कांग्रेस के बड़े नेताओं को चुनाव लड़ाने पर सीईसी की बैठक में फैसला होगा। गोविंद सिंह डोटासरा, सचिन पायलट, सीपी जोशी, शांति धारीवाल, हरीश चौधरी, हेमाराम चौधरी, बृजेंद्र ओला, मुरारी मीणा को टिकट देने पर भी सीईसी की बैठक में फैसला होगा। बताया जाता है कि बड़े नेताओं को चुनाव लड़ाने या नहीं लड़ाने पर लाइन तय की जाएगी। जो बड़े नेता सर्वे में मजबूत हैं, उन्हें चुनाव लड़वाने पर विचार हो रहा है, फाइनल फैसले का इंतजार है।
तीन सीटों पर गठबंधन को लेकर बातचीत फाइनल स्टेज पर
कांग्रेस राजस्थान में तीन सीटों पर गठबंधन को लेकर सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर रही है। तीन सीटों पर गठबंधन की बातचीत चल रही है। बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी(बीएपी) से गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही है। हनुमान बेनीवाल की पार्टी से नागौर और बाड़मेर सीट पर गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। फिलहाल गठबंधन को लेकर बातचीत फाइनल स्टेज पर बताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक रूप से कांग्रेस ने अभी कोई रुख सामने नहीं रखा है।

