बीकानेर : नगर पालिका के दो कर्मचारियों पर धोखाधड़ी कर फर्जी सर्टिफिकेट देने का आरोप
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के दो कर्मचारियों पर धोखाधड़ी कर फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर देने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। इस संबंध में प्रार्थी कस्बे के आशीष होटल के संचालक मामराज तर्ड ने श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के कनिष्ठ लिपिक सुरजभान, अधिशाषी अधिकारी कुंदनमल देथा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि नगर पालिका के दोनों कर्मचारियों ने 3 अक्टूबर से 26 फरवरी के बीच फर्जी फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट बनाकर दे दिया। संचालक मामराज तर्ड ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी होटल में बार खोलने के लिए फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया था। इसके लिए नगर पालिका के दोनों कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट बनाकर दे दिया। इसके बदले तीस हजार रुपए भी लिए गए। बार के लिए आवेदन करते हुए इस सर्टिफिकेट को आबकारी विभाग को भेजा तो पता चला कि ये फर्जी है। आबकारी विभाग ने ही मामराज तर्ड को बताया कि सर्टिफिकेट फर्जी पेश किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

