बीकानेर में महिला ग्राहक से ज्वेलर की ठगी, लॉकेट का हिस्सा हड़पने का आरोप

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में महिला ग्राहक से ज्वेलर की ठगी, लॉकेट का हिस्सा हड़पने का आरोप

दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स द्वारा महिला ग्राहक के सोने के लॉकेट का हिस्सा हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रार्थिनी संगीता सेठिया पत्नी सुभाष सेठिया निवासी सेठिया पैलेस, गुरुद्वारा रोड बीकानेर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को डाक के जरिए रिपोर्ट भेजी है।

रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 19 सितंबर 2025 की शाम करीब 6:30 से 8:30 बजे के बीच वह अपनी पुत्री पूजा सेठिया के साथ हीरालाल मॉल स्थित एम.एल. ज्वेलर्स एंड सन्स पर गई थीं। वहाँ दुकान संचालक महावीर सोनी ने मरम्मत के बहाने 16 ग्राम वजनी सोने का लॉकेट लिया और जानबूझकर उसका हुक तोड़ दिया। महिला का आरोप है कि ज्वेलर ने लॉकेट का कुछ हिस्सा अपने पास रख लिया।

अगले दिन जब संगीता सेठिया ने लॉकेट मांगा, तो ज्वेलर ने 10% मेकिंग चार्ज की मांग की और लॉकेट का हिस्सा लौटाने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने अभद्र भाषा में बात की और धमकाया भी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने विश्वास का दुरुपयोग कर बेईमानीपूर्वक लाभ उठाया है। कोटगेट पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।