खाजूवाला विधायक की पत्नी बनी कोटा कृषि विश्वविद्यालय की कुलपति

बीकानेर राजनीति राजस्थान

खाजूवाला विधायक की पत्नी बनी कोटा कृषि विश्वविद्यालय की कुलपति

दैनिक खबरां, बीकानेर। राजस्थान की सात विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति की गई है। बीकानेर के खाजूवाला से भाजपा विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल की पत्नी और बीकानेर होम साइंस कॉलेज की डीन डॉ. विमला डुंकवाल को कृषि विश्वविद्यालय कोटा का कुलपति बनाया गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए सभी कुलपतियों की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक के लिए की है। डॉ. विमला वर्तमान में होम साइंस कॉलेज, बीकानेर में डीन के पद पर कार्यरत हैं और उनकी पहचान एक कुशल प्रशासक व शिक्षाविद के रूप में रही है। वे बीकानेर की कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी हैं। उनके पति डॉ. विश्वनाथ मेघवाल पूर्व में वसुंधरा राजे सरकार में संसदीय सचिव भी रह चुके हैं।

इसके साथ ही राज्यपाल ने कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में डॉ. वीरेंद्र सिंह जेतावत,कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर में प्रो. पुष्पेंद्र सिंह चौहान, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उदयपुर में डॉ. प्रताप सिंह, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर में प्रो. पवन कुमार शर्मा, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर में प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला और राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय कोटा में प्रो. निमित रंजन चौधरी को कुलपति नियुक्त किया है।