बीकानेर: एक दर्जन हथियारबंद ने देर रात किया हमला, 5 लाख की नकदी लूट,बोलेरो से तोड़ा फैक्ट्री गेट, पुलिस जुटी जांच में..
बीकानेर, दैनिक खबरां। कोलायत में एनएच-11 पर स्थित एक फैक्ट्री में गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बोलेरो और स्कूटी पर सवार करीब एक दर्जन हथियारबंद व्यक्तियों ने फैक्ट्री पर धावा बोल दिया। जंहा पहले बोलेरो गाड़ी से फैक्ट्री का मुख्य गेट तोड़ दिया और भीतर घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना में 5 लाख रुपये नकद की डकैती की गई, जबकि फैक्ट्री कर्मियों पर जानलेवा हमला करने का भी प्रयास किया गया। ऐसा आरोप लगाते हुए प्रार्थी महेन्द्र सियाग पुत्र हड़मानाराम निवासी स्वरूपदेसर नें शुक्रवार को कोलायत पुलिस थाने में पांच नामजद व पांच-सात अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
प्रार्थी महेन्द्र सियाग ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह करीब तीन वर्षों से श्री महादेव कॉटन फैक्ट्री में मुनीम का कार्य करता है। गुरुवार रात वह साथी राजेश गोदारा के साथ धर्मकांटे पर बैठे थे। इस दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए, जिनमें एक ने अपना नाम नारायणसिंह पुत्र जीवराजसिंह राजपूत निवासी छनेरी बताया। उसने नरमे विक्रय की राशि 1,12,580 रुपये मांगे। बात-चीत के दौरान महेन्द्र सियाग ने राशि दी, लेकिन इसी दौरान आरोपी ने गल्ले में रखी अन्य नकदी (करीब 20 लाख रुपये) देख ली और फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों की जानकारी पूछकर चला गया।
रात करीब 10:46 बजे नारायणसिंह बोलेरो कैंपर में अपने साथियों उगमसिंह, भोमसिंह, दयालसिंह, रतनसिंह व अशोकसिंह (स्कूटी पर) के साथ दोबारा फैक्ट्री पहुंचा। गेट खोलने से मना करने पर बोलेरो से टक्कर मारकर गेट गिरा दिया गया। आरोपी बोलेरो लेकर अंदर घुसे और राजेश गोदारा को कुचलने की कोशिश की। बाद में सभी आरोपी भाग गए, लेकिन कुछ देर बाद फिर बोलेरो लेकर लौटे और इस बार पिस्तौल, तलवारें और लाठियां लेकर फैक्ट्री में घुस गए।
आरोपियों ने फैक्ट्री की लाइट बंद करवाई और धमकाते हुए ऑफिस में रखी 5 लाख रुपये की नकदी लूट ली। साथ ही फैक्ट्री में आग लगाने की भी योजना बना रहे थे। इसी दौरान सूचना पर कोलायत पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखकर बदमाश बोलेरो छोड़कर फरार हो गए।
मौके से दो मोबाइल फोन (वीवो व ओप्पो कंपनी के) और एक लाठी बरामद हुई है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर नारायणसिंह, अशोकसिंह, रतनसिंह, उगमसिंह, दयालसिंह व अन्य अज्ञात 6-7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

