पब्लिक पार्क के पास हादसा,महिला शिक्षिका गंभीर रूप से घायल, आरोपी चालक फरार
दैनिक खबरां,बीकानेर। पब्लिक पार्क के पास टैक्सी में सवार होकर स्कूल ड्यूटी पर जा रही महिला शिक्षिका के गंभीर रूप से घायल होने की घटना सामने आई है। इस संबंध में घायल शिक्षिका के ससुर नें अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गुरुवार को सदर थाने में मामला दर्ज करवाया है। घटना मंगलवार सुबह पब्लिक पार्क स्थित महाराजा गंगासिंह जी की मूर्ति के पास की है। परिवादी द्वारा पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार सुमन व्यास पत्नी दीपक शर्मा रोज़ की तरह 18 सितम्बर को सुबह 7 बजे किराये की टैक्सी (ऑटो) संख्या RJ07 PB 7575 में सवार होकर विद्यालय ड्यूटी पर जा रही थी।
जैसे ही टैक्सी पब्लिक पार्क स्थित महाराजा गंगासिंह जी की मूर्ति के पास पहुँची, तभी तेज रफ्तार कार (संख्या RJ07 GE 7962) ने लापरवाही से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमन व्यास ऑटो से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हादसे में उनके जबड़े और ठोड़ी की हड्डी टूट गई, साथ ही घुटने में भी गंभीर फ्रैक्चर हो गया। परिजनों के अनुसार महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। गंभीर बात यह रही कि हादसा करने वाला वाहन चालक अपने साथियों के साथ महिला को गंभीर अवस्था में सड़क पर तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेडकांस्टेबल मुकेश को सौंपी है।

