भूमि फर्जीवाड़ा उजागर: बीकानेर के इस नामी डॉक्टर दंपती समेत छह के खिलाफ मामला दर्ज, कोर्ट आदेश पर हुई कार्रवाई

बीकानेर

भूमि फर्जीवाड़ा उजागर: बीकानेर के इस नामी डॉक्टर दंपती समेत छह के खिलाफ मामला दर्ज, कोर्ट आदेश पर हुई कार्रवाई

दैनिक खबरां,बीकानेर। खाजूवाला क्षेत्र में एक लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर खाजूवाला पुलिस ने डॉ. तनवीर मालावत, उनकी पत्नी बस्सू मालावत, उमेश कुमार गहलोत, भंवरलाल गहलोत, हिमांशु बजाज और मांगीलाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

यह मामला परिवादी पूनमचंद पुत्र बद्रीनारायण ब्राह्मण निवासी खाजूवाला की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ है। परिवादी ने बताया कि विवादित भूमि चक 7 KID हाल 8 KID (ए) मुरबा नं. 82/53 किला नं. 1 ता 25, रकबा 5 बीघा उन्हें वर्ष 1985 में गीतादेवी पत्नी कंवरभान से इकरारनामा द्वारा प्राप्त हुई थी। इस भूमि पर वर्ष 1997 से स्थगन आदेश प्रभावी है और मामला अब भी न्यायालय में विचाराधीन है।

परिवादी का आरोप है कि स्थगन आदेश के बावजूद उमेश कुमार गहलोत व उनके पिता भंवरलाल गहलोत ने अन्य अभियुक्तों के साथ षड्यंत्र कर उक्त भूमि को फर्जी तरीके से गिफ्ट डीड और वैयनामों के माध्यम से बेचा। बताया गया कि डॉ. तनवीर मालावत व उनकी पत्नी बस्सू मालावत ने उमेश गहलोत से मिलकर आठ वैयनामे अपने नाम करवाए, जबकि भूमि पर रोक के आदेश प्रभावी थे।

रिपोर्ट के अनुसार, अभियुक्तों ने परिवादी को पंचायत और राजीनामा के नाम पर विश्वास में लेकर छल-कपट से भूमि हड़पने की साजिश रची। जब प्रार्थी ने इसका विरोध किया तो उसे धमकियां भी दी गईं।

परिवादी ने पहले थाना खाजूवाला और बाद में पुलिस अधीक्षक बीकानेर को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खाजूवाला के समक्ष परिवाद दायर किया, जिस पर धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई के आदेश दिए गए। न्यायालय के निर्देश पर खाजूवाला पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच का जिम्मा थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत को सौंपा गया है।

इस पूरे प्रकरण में डॉ. तनवीर मालावत, जो बीकानेर के जाने-माने चिकित्सक हैं, की भूमिका पर विशेष रूप से सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस अब फर्जी वैयनामों और लेनदेन की दस्तावेजी जांच कर रही है।