बीकानेर में रातों-रात दो ठिकानों पर एक साथ चोरों नें बोला धावा, नगदी- मोबाइल व साड़ियां लेकर हुए फरार
दैनिक खबरां,बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने दो जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादिया आशा नैनवाल पत्नी हेमन्त कुमार नैनवाल निवासी रामपुरा बस्ती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका स्वाश्रयी महिला सेवा संघ, राजस्थान का ऑफिस गली नंबर 2 रामपुरा बायपास, लाल खां बाड़ी स्थित है।
रिपोर्ट में बताया गया कि 8 अक्टूबर की शाम करीब 5:15 बजे ऑफिस बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 9 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे चित्रांग क्रिएशन (कपड़े का कारखाना) के मालिक अनवर अली कोहरी ने फोन कर सूचना दी कि ऑफिस के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि अज्ञात चोर ऑफिस के ताले तोड़कर अंदर घुसे और लगभग ₹52,800 नगद, 5 मोबाइल फोन, 6 टैबलेट, एक लैपटॉप व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
इतना ही नहीं, चोरों ने इसी रास्ते से बगल के चित्रांग क्रिएशन कारखाने में भी प्रवेश कर वहां रखे सिल्क के थान और साड़ियां, जिनकी कीमत करीब ₹1.50 लाख बताई गई है, चोरी कर लीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल नरेशसिंह को सौंपी है। थाना मुक्ताप्रसाद नगर पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

