बीकानेर से बड़ी खबर: फर्जी वाहन लोन घोटाले में एचडीएफसी बैंक सहित कई पर मुकदमा दर्ज, कोर्ट के आदेश पर शुरू हुई तफ्तीश
बीकानेर,दैनिक खबरां। बीकानेर से बड़ी खबर सामने आई है जंहा फर्जी वाहन लोन घोटाले में एचडीएफसी बैंक सहित कई पर कोर्ट के आदेश पर सदर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस संबंध में श्यामसुन्दर मोहता पुत्र रामगोपाल मोहता, निवासी मोहता क्लब कोटड़ी जस्सूसर गेट द्वारा दायर परिवाद पर एसीजेएम नं. 02 बीकानेर ने गंभीर संज्ञान लेते हुए सदर थाना अधिकारी को सीआरपीसी धारा 156(3) व बीएनएसएस धारा 175(3) के तहत प्रकरण दर्ज करने के आदेश दिए। आदेश की पालना में पुलिस ने धारा 419, 467, 471, 120-बी भादस तथा संबंधित बीएनएस धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश सउनि वेदपाल को सौंप दी है।
क्या है पूरा मामला?
परिवादी वर्ष 2024 में बैंक से लोन सीमा बढ़ाने पहुंचे तो पता चला कि उनकी CIBIL रिपोर्ट वर्ष 2001 के एक कथित वाहन लोन के कारण खराब है। जांच में सामने आया कि बैंक ऑफ पंजाब (वर्तमान एचडीएफसी बैंक) श्रीगंगानगर शाखा में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फर्जी पहचान का उपयोग कर वाहन लोन जारी करवाया था, जिसकी किश्तें जमा कर बाद में कथित समझौता दिखाया गया। परिवादी ने इस पूरे लोन, वाहन खरीद या डिलीवरी से कोई संबंध होने से साफ इनकार किया है।
फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा
परिवादी के अनुसार उन्होंने कभी बैंक ऑफ पंजाब से लोन नहीं लिया और किसी वाहन की खरीद, डिलीवरी या रजिस्ट्रेशन में भी उनकी कोई भूमिका नहीं रही। वर्ष 2001 में उनके नाम पर खोला गया यह कथित वाहन लोन बैंक कर्मियों, वाहन डीलर, बीमा एजेंट और अन्य अज्ञात व्यक्तियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। परिवादी ने कहा कि उन्होंने अपने आधार, पैन, वोटर आईडी आदि दस्तावेज ई-मेल से बैंक को भेजे थे, लेकिन बैंक ने पुराना रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाया। उन्हें आशंका है कि उनके पहचान दस्तावेजों का भी दुरुपयोग किया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायतें रहीं अनसुनी
परिवादी ने 4 अप्रैल 2025 को नयाशहर थाना व पुलिस अधीक्षक बीकानेर को आवेदन भेजा था, जिसे बाद में सदर थाना को भेज दिया गया, लेकिन प्रसूत्रि दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।अदालत ने प्रस्तुत तथ्यों व दस्तावेजों के आधार पर इसे गंभीर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का मामला मानते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच के निर्देश दिए। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सउनि वेदपाल को सौंप दी है।
इन पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस में दर्ज FIR के अनुसार आरोपीगण में एचडीएफसी बैंक लिमिटेड, जरिए मैनेजिंग डायरेक्टर, एचडीएफसी बैंक, सेनापति बापत मार्ग, लोअर परेल (वेस्ट), मुंबई। बैंक ऑफ पंजाब/एचडीएफसी बैंक श्रीगंगानगर के कार्यकारी अधिकारी व अन्य अज्ञात व्यक्ति जिसमें बैंक कर्मी, वाहन डीलर, बीमा एजेंट व अन्य सहयोगी, जिनकी मिलीभगत से फर्जी लोन जारी किया गया।

