



ग्रामीणों ने किया शिकारियों का शिकार,घेराबंदी कर गाड़ी रोकी, जमकर की धुनाई,भाला व हथियार बरामद,देखें वीडियो
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात शिकारियों और ग्रामीणों के बीच नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। सूअरों का शिकार कर स्कॉर्पियो गाड़ी से भाग रहे तीन शिकारियों को सजग ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा और जमकर धुनाई कर दी। मारपीट में एक शिकारी का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो अन्य को भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर रणजीतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शिकारियों को हिरासत में लेकर वन विभाग को सूचना दी।
क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपेन्द्र ने दैनिक खबरां से बातचीत में बताया कि तीनों शिकारी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर गोडू इलाके में सूअरों का शिकार कर रहे थे। शिकार के बाद जब वे मांस और हथियारों सहित गाड़ी में बैठकर रणजीतपुरा-रावला की ओर भागने लगे तो ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधियों का अंदेशा हुआ। ग्रामीणों ने तुरंत पीछा शुरू किया और रास्ते में अपने साथियों को सूचित कर घेराबंदी कर ली। आखिरकार रणजीतपुरा और रावला के बीच ग्रामीणों ने शिकारियों की गाड़ी रोक ली। इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। गाड़ी की तलाशी में बड़ी संख्या में मृत सूअर, मांस, भाले, चाकू और अन्य शिकार सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने तीनों को रात में ही बज्जू अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा, जहां एक का हाथ टूटा पाया गया और दो अन्य घायल मिले।
आज सुबह तीनों आरोपियों को उपचार के लिए पीबीएम ट्रॉमा सेंटर लाया गया। फिलहाल पुलिस और वन विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

