दो महीने की शादी, फिर मौत!बीकानेर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दामाद पर हत्या का आरोप, पुलिसकर्मी भी शक के घेरे में!

बीकानेर बीकानेर पुलिस

दो महीने की शादी, फिर मौत!बीकानेर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दामाद पर हत्या का आरोप, पुलिसकर्मी भी शक के घेरे में!

दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। इस संबंध में मृतका की मां बिल्किस बानो ने अपने दामाद राशिद उर्फ लाला भुट्टा और उसके परिवारजनों पर बेटी रहमत की हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर को परिवाद पेश कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। एसपी के आदेश पर शनिवार को सदर थाने में इसका मामला दर्ज हुआ है।

बिल्किस बानो (69), निवासी वार्ड नं. 41, पठानों का मोहल्ला, सूरतगढ़, अपने रिश्तेदार जावेद पठान के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीकानेर पहुँचीं और एक परिवाद दायर किया। इसमें उन्होंने कहा कि उनकी बेटी रहमत का निकाह 29 अगस्त 2025 को राशिद उर्फ लाला से हुआ था, जो भुट्टा का बास, थाना सदर बीकानेर का निवासी है। परिवादीया द्वारा पुलिस को दी लिखित रिपोर्ट में दर्ज एफआईआर के अनुसार, निकाह के कुछ दिन बाद ही रहमत को दामाद की पहली पत्नी नगीना, भाइयों खालिद व सोनू और अन्य परिजनों ने मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि ये लोग रुपयों की मांग करते थे और कहते थे कि “अगर पैसे नहीं लायी तो जान से मार देंगे।” 02 नवम्बर की रात रहमत ने अपनी मां और बेटे आर्यन को फोन कर बताया था कि उसे लगातार मारा-पीटा जा रहा है और जान का खतरा है।

‘अगले दिन मिली मौत की खबर’
सदर पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार 03 नवम्बर की सुबह रहमत की दोस्त सुनीता ने फोन कर बताया कि रहमत ने फांसी लगा ली है। जब परिवारजन बीकानेर पहुंचे तो पीबीएम अस्पताल में शव मोर्चरी में मिला।
बिल्किस बानो का कहना है कि “शव पर सिर, कंधे व अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे और मुंह-नाक से खून आ रहा था”, जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दर्ज हैं।

‘जहां मौत हुई, वह पुलिसकर्मी का मकान’

दर्ज एफआईआर में यह भी कहा गया है कि जिस मकान में रहमत की मौत हुई, वह थाना सदर में तैनात एएसआई अशोक अदलान का है, जिसे राशिद ने किराये पर लिया हुआ था। शिकायत में आरोप है कि आरोपी परिवार का पुलिसकर्मी से पारिवारिक संबंध होने के कारण अनुसंधान निष्पक्ष नहीं हो पा रहा है।

‘ड्रग्स कारोबार और पुराने अपराधों का जाल’

दर्ज एफआईआर में बिल्किस बानो ने यह भी आरोप लगाया कि राशिद उर्फ लाला व उसके भाइयों का ड्रग्स, हत्या, अवैध हथियार और अन्य अपराधों से जुड़ा लंबा इतिहास है। बीकानेर पुलिस पहले भी इन पर कई बार छापेमारी कर चुकी है। परिवार का कहना है कि इन लोगों ने धमकी दी है। “अगर पुलिस में गए तो अंजाम रहमत जैसा होगा।” मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक तफ्तीश सीओ सदर अनुष्ठा कालिया, IPS को सौंपी गई है। मृतका की मां ने बेटी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए स्वयं और परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की अपील की है।