ऑनलाइन जुए के बड़े गिरोह पर बीकानेर पुलिस की कार्रवाई, करोड़ों के लेन-देन का खुलासा
दैनिक खबरां, बीकानेर। ऑनलाइन जुए के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। हेमन्त शर्मा, महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज के निर्देशन और सीओ सदर अनुष्ठा कालिया की सुपरविजन में जय नारायण व्यास कॉलोनी थाने द्वारा यह कार्रवाई अंजाम दी गई। दिनांक 07 नवंबर 2025 को पुलिस थाना जेएनवी कॉलोनी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने 08 नवंबर 2025 को दो आरोपियों प्रमोद खत्री पुत्र गिरधारीलाल (38 वर्ष) निवासी बीकानेर और वली मुहम्मद उर्फ विशाल पुत्र शौकत अली (24 वर्ष) निवासी सुभाषपुरा बीकानेर को गिरफ्तार किया है। प्रमोद खत्री पर आरोप है कि वह फर्जी बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपए के लेन-देन कर ऑनलाइन जुआ-सट्टा का अवैध नेटवर्क संचालित कर रहा था।
आरोपियों ने अलग-अलग वेबसाइट्स जैसे juaexch.com, juaex777.com, allpanel777.now और allpanelexch.app के माध्यम से लोगों को जुआ खेलने की सुविधा उपलब्ध करवाई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन किए गए हैं। पुलिस ने अब तक कई खातों को फ्रीज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई ऑनलाइन जुए के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस नीति” के तहत की गई है और ऐसे अवैध धंधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सीओ सदर अनुष्ठा कालिया ने बताया कि ऑनलाइन जुआ न केवल अवैध है बल्कि समाज के लिए भी घातक है, बीकानेर पुलिस इसे जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

