
बीकानेर में मौत बनकर भिड़े ट्रक और टेंपो ट्रैवलर: 3 की मौत, दर्जनभर घायल
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले के नोखा क्षेत्र में नागौर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर बीकानेर की ओर आ रही थी, जबकि ट्रक नागौर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य संभाला। मृतकों के शवों को नोखा की मोर्चरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक बीकानेर निवासी हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

