RAS सहित 1100 से ज्यादा पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, RPSC ने घोषित की परीक्षा तिथियां

Rajasthan

RAS सहित 1100 से ज्यादा पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, RPSC ने घोषित की परीक्षा तिथियां

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं भर्ती-2026 के तहत कुल 607 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इनमें राज्य सेवाओं के 192 तथा अधीनस्थ सेवाओं के 415 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू होकर 3 जुलाई 2026 की रात्रि 12 बजे तक चलेगी। प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) तथा मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) रूप में आयोजित होगी। आयोग द्वारा परीक्षा का पाठ्यक्रम पूर्व में 9 जनवरी 2026 को जारी किया जा चुका है।


वहीं, आयोग ने सहायक अभियोजन अधिकारी (गृह विभाग-अभियोजन) भर्ती परीक्षा-2026 के तहत 371 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे। भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 2 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है।


इसके अलावा प्राध्यापक विशेष शिक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2026 की प्रस्तावित तिथि भी घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। भर्ती के तहत कुल 121 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 जून से 30 जून 2026 की रात्रि 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।


आयोग सचिव के अनुसार सभी परीक्षाओं के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे। शैक्षणिक योग्यता, वर्गवार वर्गीकरण, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।