
बीकानेर में बड़ा घोटाला उजागर, फर्जी कागजों के सहारे करोड़ों का भुगतान उठाने का आरोप
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले के बीछवाल थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये के सरकारी भुगतान में कथित फर्जीवाड़े और जालसाजी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने मैसर्स अनमोल कंस्ट्रक्शन कम्पनी सहित उसके साझेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सरकारी राजकोष को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार रावतसर निवासी जगदीश प्रसाद पुत्र ख्याली राम ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2022-23 में गंगानगर रोड स्थित चेतक कार्यालय, बीकानेर से जुड़े कार्यों में फर्जी एवं कूटचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि इसी आधार पर सरकारी राजकोष से करोड़ों रुपये का भुगतान उठाया गया, जिससे सरकार और अन्य ठेकेदारों को आर्थिक नुकसान पहुंचा।
मामले में कृष्ण कुमार, सुनीता देवी, प्रमोद रेवड़ तथा मैसर्स अनमोल कंस्ट्रक्शन कम्पनी, हनुमानगढ़ को नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच बंशीलाल सजनी को सौंपी गई है। पुलिस अब दस्तावेजों और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटी हुई है।

