रोहित गोदारा गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, बिजनेसमैन की हत्या के बाद मुंडन करवाकर छिपते रहे देशभर में!
दैनिक खबरां न्यूज़। बीते दिनों जिम में घुसकर व्यवसायी रमेश रुलानिया की हत्या करने वाले रोहित गोदारा गैंग के तीन शूटरों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम गणपत गुर्जर, धर्मेंद्र गुर्जर और महेश गुर्जर बताए गए हैं। पुलिस ने इन्हें गुरुवार देर रात कोलकाता के साल्ट लेक क्षेत्र से दबोचा।
सूत्रों के अनुसार तीनों आरोपी भेष बदलकर ‘नव पराजन्मा सोसाइटी’ और काढ़ापारा क्षेत्र के स्टेडियम के पास छिपे हुए थे। वे वहां से भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने सटीक इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए इन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी बेहद शातिर हैं। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने सिर मुंडवा लिए थे। स्थानीय सोसाइटी सचिव देव भट्टाचार्य ने बताया कि “हमें जानकारी मिली थी कि तीन संदिग्ध लोग परिसर में घुस आए हैं। हमने तुरंत फूल बागान थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और तीनों को पकड़ लिया।”
जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को कुचामन सिटी में हुई रमेश रुलानिया की हत्या के बाद आरोपी आठ दिनों तक लगातार ट्रेन और बसों में सफर करते रहे, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। इस दौरान उन्होंने देश के दर्जनभर शहर बदले और तिरुपति मंदिर में मुंडन करवाकर अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया। पुलिस अब आरोपियों से हत्या की साजिश, हथियारों की सप्लाई और रोहित गोदारा गैंग से जुड़ाव को लेकर पूछताछ कर रही है।

