बॉलीवुड के इस मशहूर अभिनेता का निधन,मौत से कुछ देर पहले दी दीपावली की शुभकामनाएं..

देश मनोरंजन

बॉलीवुड के इस मशहूर अभिनेता का निधन,मौत से कुछ देर पहले दी दीपावली की शुभकामनाएं..

दैनिक खबरां,न्यूज़। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता असरानी के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवाली के दिन, सोमवार 20 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे उन्होंने 84 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से बीमार थे और आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती थे।

असरानी के मैनेजर बाबू भाई ने उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभिनेता को फेफड़ों में संक्रमण और छाती में पानी भरने की समस्या के चलते चार दिन पहले अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और सोमवार शाम उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

गौर करने वाली बात यह है कि असरानी के निधन से कुछ घंटे पहले ही उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से दिवाली की शुभकामनाओं वाला पोस्ट किया गया था। यह पोस्ट अब उनके प्रशंसकों के लिए भावुक कर देने वाला साबित हो रहा है। दिवाली की खुशियों के बीच यह खबर पूरे बॉलीवुड और फैंस के लिए गहरा सदमा बनकर आई है।

असरानी ने अपने शानदार करियर में सैकड़ों फिल्मों में अभिनय किया और ‘शोले’ के जेलर से लेकर ‘छोटी सी बात’, ‘अभिमान’ और ‘चुपके चुपके’ जैसी फिल्मों में अपने हास्य अभिनय से अमिट छाप छोड़ी। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक अद्भुत अभिनेता और बेहतरीन इंसान को खो दिया है।