दीपावली की रात खूनी संघर्ष, युवक की चाकू से गोदकर हत्या, एक ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
दैनिक खबरां, बीकानेर । दीपावली की खुशियों के बीच बीकानेर संभाग से खौफनाक वारदात सामने आई है। जहां संभाग के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र के गांव किकरवाली में सोमवार रात मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें गांव के ही कुछ युवकों ने दो भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर टाऊन सीआई अशोक विश्नोई मय जाब्ता ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, वहीं संगरिया सीओ करण सिंह और थानाधिकारी अमर सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और हालात पर काबू पाया।
संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह ने दैनिक खबरां को बताया कि विवाद का कारण गांव की मस्जिद में लाउडस्पीकर व अन्य सामान के लिए फंड जुटाने को लेकर हुआ। सोशल मीडिया ग्रुप में हुई कहासुनी ने फोन पर बहस का रूप लिया और फिर गली में झगड़े में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक गुट के युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक की मौत हो गई और एक गंभीर घायल का ट्रोमा में ईलाज जारी है । थानाधिकारी नें बताया कि मृतक का शव हनुमानगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि उसके भाई का उपचार जारी है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

