शहर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे,ऐन वक्त पर पुलिस नें घेराबंदी देकर 6 को दबोचा..
दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना मुक्ताप्रसाद नगर ने रविवार दिन में शांति भंग करने की आशंका के चलते बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार आरोपी बोलेरो कैम्पर गाड़ी सहित पकड़े गए जबकि दो संदिग्धों को अलग से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई बीकानेर रेंज आईजी हेमन्त कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर कावेन्द्रसिंह सागर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी और श्रवणदास संत की सुपरविजन में थानाधिकारी विजेंद्र सीला के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो कैम्पर (RJ07 GE 6604) सब्जी मंडी से शोभासर की ओर जा रही है और उसमें सवार युवक किसी वारदात की फिराक में हैं। इस पर थाना टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाते हुए बजरंग धोरा के पास गाड़ी को रुकवाया तो उसमें चार युवक सवार मिले, जो संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत चारों को गिरफ्तार कर बोलेरो कैम्पर जब्त कर ली, वहीं दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में हुसैन पुत्र इकरामुद्दीन निवासी नेहरू नगर नोहर, जसवंतसिंह पुत्र इंद्राजसिंह निवासी रातूसर नोहर, महावीर पुत्र मूलाराम निवासी रामपुरा बस्ती, लक्कीखां पुत्र सलीम उर्फ शाहरुखखां निवासी सर्वोदय बस्ती, मेहराब पुत्र नवाब निवासी रामपुरा बस्ती और अरबाज पुत्र बाबूखां निवासी रामपुरा बस्ती शामिल हैं। कार्रवाई में थानाधिकारी विजेंद्र सीला, एचसी ओमप्रकाश, एचसी ललितसिंह, कांस्टेबल छगनलाल, संजय, राकेश, रविंद्र और चांदसिंह की टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

