बीकानेर में ट्रैफिक पुलिस का नया कारनामा,ऑटो चालक को हेलमेट न पहनने पर ₹1000 का जुर्माना!, अब पुलिस का आया ये बयान..
दैनिक खबरां, बीकानेर। कभी बिना सीट बेल्ट तो कभी नो पार्किंग चालान के बहाने तो आपने कई देखे होंगे, लेकिन बीकानेर में ट्रैफिक पुलिस ने जो कमाल किया, उसने सबको हैरान कर दिया। यहां एक थ्री-व्हीलर ऑटो चालक का चालान “बिना हेलमेट वाहन चलाने” के आरोप में काट दिया गया!
मामला बीकानेर ट्रैफिक पुलिस का है, जहां 10 अप्रैल 2024 को सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार की ओर से ऑटो चालक संजय आचार्य पर ₹1,000 का चालान जारी किया गया। मजेदार बात यह रही कि संजय को इस चालान की खबर तक नहीं थी। तब तक, जब तक उन्होंने अपना ऑटो बेचने की सोची।
खरीददार ने जब वाहन के ऑनलाइन रिकॉर्ड चेक किए तो बोला “भाई साहब, आपके तो चालान बकाया हैं!”
यह सुनकर संजय ने तुरंत जांच की। पुराने कुछ नो पार्किंग चालान तो उन्होंने जमा कर दिए, लेकिन जब एक चालान पर नजर पड़ी तो आंखें खुली की खुली रह गईं उस पर लिखा था, “हेलमेट न पहनने पर चालान ₹1000”!
संजय ने हैरानी जताते हुए कहा “मैंने तो आज पहली बार सुना कि ऑटो चलाने वालों को भी हेलमेट लगाना चाहिए!”
फिलहाल ट्रैफिक पुलिस की ओर से इस तकनीकी गड़बड़ी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है,लेकिन यह वाकया बीकानेर की ऑटोमैटिक चालान प्रणाली और यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल जरूर खड़े कर रहा है।
पुलिस ने बताया तकनीकी गड़बड़ी
वंही यातायात शाखा बीकानेर ने इस मामले में कहा कि यह तकनीकी या मानवीय त्रुटि थी। चालान 10 अप्रैल 2024 को नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन पर ई-चालान डिवाइस से बनाया गया था, लेकिन सिस्टम में हेड ऑटोमैटिक बदल जाने से ‘बिना हेलमेट’ दर्ज हो गया। पुलिस ने बताया कि चालान पहले ही शुद्ध कर दिया गया है और भविष्य में किसी भी गलत चालान के मामले में वाहन चालक प्रार्थना पत्र देकर सुधार करवा सकते हैं।

