बड़ी खबर: शहर में बीकानेर पुलिस की चल रही सर्जिकल स्ट्राइक:मचा हड़कंप, दर्जनों संदिग्ध गिरफ्तार, भारी संख्या में पुलिस बल मौक़े पर ! देखें वीडियो..

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

भुट्टो चौराहे पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: शहर में मचा हड़कंप, दर्जनों संदिग्ध गिरफ्तार, नशे का जखीरा बरामद

दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर शहर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। शहर की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने आज रविवार को एक बड़ी सर्जिकल कार्रवाई को अंजाम दिया हैं । इस कार्रवाई का नेतृत्व आईपीएस विशाल जांगिड़,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी सौरभ तिवाड़ी कर रहे हैं।

कार्रवाई के तहत भुट्टो चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। शहर के कई थानों की संयुक्त टीमें इस अभियान में जुटी हुई हैं। कार्रवाई के शुरू होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही खुफिया निगरानी और अपराधियों की गतिविधियों पर एकत्र की गई सूचनाओं के आधार पर की गई है। पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक में सीओ सिटी श्रवण दास संत, कई थाना प्रभारी (SHO), जिसमें जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना , मुक्ताप्रसाद थाना, सदर थाना, डीएसटी सहित डॉग स्क्वाड, और पुलिस के घुड़सवार दस्ते भी शामिल हैं।

पुलिस टीमों ने भुट्टो चौराहे और उसके आसपास के इलाकों में घर-घर दबिश दी। इस दौरान दर्जनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में पुलिस को नशे के इंजेक्शन, अवैध दवाइयों और नशे का अन्य सामान बरामद हुआ है। अंदेशा जताया जा रहा है कि पुलिस के हाथ कुछ ऐसे महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं जो हाल ही में शहर में हुई नशा तस्करी और चोरी-डकैती की वारदातों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इन सुरागों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। शहर के मुख्य मार्गों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच भी की जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी और आसपास के इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बनी हुई थी।