शहर के इस चौक में जर्जर मकान की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला, निगम सुस्ती में,शहर में कई मकान बन चुके हैं खतरा

बीकानेर

शहर के इस चौक में जर्जर मकान की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला, निगम सुस्ती में,शहर में कई मकान बन चुके हैं खतरा


बीकानेर। शहर के पुराने क्षेत्र रताणी व्यासों के चौक में मंगलवार को एक जर्जर मकान की दीवार अचानक गिर गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दीवार गिरते समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान की हालत काफी समय से खस्ता थी और इसकी दीवार के गिरने की आशंका पहले से ही बनी हुई थी। मोहता चौक से नत्थूसर गेट की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित इस मकान के पास खड़ी दो साइकिलें मलबे में दब गईं। वहीं, मलबा सड़क पर फैल जाने से यातायात भी बाधित हो गया।

शहर में इस तरह के दर्जनों जर्जर मकान मौजूद हैं, जिनकी स्थिति कभी भी हादसे का कारण बन सकती है। नगर निगम की ओर से इन मकानों का सर्वे करने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक किसी मकान को गिराने की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

तेज बारिश के अलर्ट के बीच खतरा और बढ़ा
मौसम विभाग ने 31 जुलाई को बीकानेर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में इन जर्जर मकानों से जान-माल को खतरा और बढ़ गया है। यदि समय रहते इन पर कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक मकानों को तत्काल प्रभाव से ध्वस्त किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।