शिशु रोग डॉक्टर से फिरौती मामला: एक आरोपी पकड़ा, मास्टरमाइंड की तलाश जारी
बीकानेर। वरिष्ठ शिशु रोग डॉक्टर डॉ. श्याम अग्रवाल से 25 लाख की फिरौती मांगने के मामले में नयाशहर पुलिस ने एक आरोपी भवानी को पकड़ा है। थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि भवानी, मास्टरमाइंड विष्णु साध का रिश्तेदार है। इस मामले में विष्णु साध और अभिषेक पंवार भी नामजद हैं, जिनकी तलाश जारी है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 24 जुलाई की रात कुछ युवक उनके क्लीनिक आए और 25 लाख की फिरौती के साथ हर माह एक लाख रुपये की बंधी देने का दबाव बनाया। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। अगले दिन आरोपी दोबारा क्लीनिक पहुंचे और चेंबर में घुसकर धमकाया।
घटना क्लीनिक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और डॉक्टर ने धमकी की ऑडियो क्लिप भी रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

