हथियार लेकर घूम रहे थे बदमाश, हत्या कर चुके, पुलिस को देखकर भागे तो पैर में जगह-जगह लगी चोट

जयपुर राजस्थान राज्य

हथियार लेकर घूम रहे थे बदमाश, हत्या कर चुके, पुलिस को देखकर भागे तो पैर में जगह-जगह लगी चोट

जयपुर। जयपुर में हथियार लेकर घूम तीन बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। इस दौरान दो बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पत्थरों पर गिरने से दोनों के पैरों में जगह-जगह चोट लगी है। दोनों घायल हत्या के मामले में आरोपी हैं। दोनों को कांवटिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां से एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया गया है।

घटना हरमाड़ा थाना इलाके की है। दरअसल, डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (डीएसटी) वैस्ट को बदमाशों के बारे में सूचना मिली थी। इस पर सुबह 8 बजे डीएसटी और हरमाड़ा थाना पुलिस ने बदमाशों को पड़कने के लिए रेड मारी।

सीआई हरमाड़ा दिलीप ने बताया- बदमाश के पास हथियार होने की सूचना मिली थी। डीएसटी और थाने की टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। एक बदमाश पकड़ा गया। इस दौरान दो अन्य बदमाश मौके से भाग निकले। दोनों का पीछा किया। दोनों पत्थरों पर गिर गए। इससे दोनों के पैरों में चोट लगी। जिन्हें घायल अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।

ये हुए गिरफ्तार

पुलिस ने करौली के भोटवाड़ा में रहने वाले ऊर्वेश मीणा (23) पुत्र हरसहाय, अलीगढ़ (यूपी) के हरदुआगंज इलाके के रहने वाले आकाश बंजारा (25) पुत्र वेद प्रकाश और करौली के महावीर जी के रहने वाले कुश अग्रवाल (22) पुत्र श्यामसुंदर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को आरोपियों के पास से सर्च के दौरान एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 7 कारतूस जब्त किए हैं।

दो हत्या के आरोपी जयपुर में काट रहे थे फरारी

तीनों बदमाशों के खिलाफ हरमाड़ा थान में आर्म्स एक्ट की एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी आकाश बंजारा और उर्वेश मीणा को पैर में चोट लगने पर एसएमएस में इलाज चल रहा हैं। दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। दोनों जयपुर में फरारी काट रहे थे।

दीवार फांदते हुए हादसा हुआ

पुलिस ने बताया- ये लोग पुलिस को देख कर खाली प्लॉट की ओर भागने लगे थे। दीवार फांदते समय ये लोग पत्थरों के ढेर में जा गिरे। इससे इन के दोनों पैर जगह-जगह से कट गए।