अजमेर-दिल्ली वंदे भारत का चंडीगढ़ तक होगा विस्तार, राजस्थान को मिलेंगे 8 डेडीकेट कॉरिडोर रेलवे स्टेशन, कल पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

जयपुर राजस्थान राज्य

अजमेर-दिल्ली वंदे भारत का चंडीगढ़ तक होगा विस्तार, राजस्थान को मिलेंगे 8 डेडीकेट कॉरिडोर रेलवे स्टेशन, कल पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल रेलवे की करीब 85 हज़ार करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकापर्ण करेंगे। वहीं, देश के कई शहरों से वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद से इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान रेलवे के 750 स्टेशनों से वीसी के जरिए अनेक जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी कार्यक्रम से जुड़ेंगे। वहीं, राजस्थान में जयपुर मंडल के 15 रेलवे स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।

राजस्थान को भी कल 9 नए डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन मिलेंगे। इसके अलावा अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला वंदे भारत ट्रेन का विस्तार भी चंडीगढ़ तक होगा। अभी तक यह ट्रेन अजमेर वाया जयपुर होकर दिल्ली सराय रोहिल्ला तक संचालित होती है। कल इस ट्रेन को पीएम मोदी वीसी के जरिए चंडीगढ़ से अजमेर के लिए रवाना करेंगे।

इसके साथ ही राजस्थान के जयपुर,अलवर,दौसा औऱ रींगस रेलवे स्टेशन पर ‘एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल’ और धानक्या रेलवे स्टेशन पर माल गोदाम का लोकापर्ण भी पीएम मोदी करेंगे।

डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन से उद्योग जगत को फायदा

पीएम मोदी कल देशभर में सैकड़ों डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। राजस्थान को भी इसमें 8 रेलवे स्टेशन मिलेंगे। वहीं, प्रदेश के उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन के हिस्से 9 डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन आएंगे।

इन स्टेशनों में न्यू रेवाड़ी, न्यू किशनगढ़, न्यू श्रीमाधोपुर, न्यू फुलेरा, न्यू भागेगा, न्यू साखुन, न्यू पचार मलिकपुर, न्यू डाबला और न्यू अटेली रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों के शुरू होने से प्रदेश के उद्योग जगत को सीधा फायदा मिलेगा। इन स्टेशनों पर केवल माल की लोडिंग और अनलोडिंग होगी। यहां से केवल मालगाड़ियों का ही संचालन होगा। इन स्टेशनों पर पैसेंजर ट्रेनें नहीं रूकेगी। अभी तक पैसेंजर और सामान के लिए एक ही स्टेशन हुआ करते थे।

एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल का भी लोकार्पण

पीएम मोदी लोकल फॉर वोकल को प्रमोट करने के लिए भी ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद स्टॉल’ का लोकार्पण करेंगे। राजस्थान के जयपुर,अलवर,दौसा औऱ रींगस रेलवे स्टेशन पर इन स्टॉल्स का पीएम मोदी लोकार्पण करेंगे। इस योजना के तहत उस क्षेत्र की विशेष वस्तु की स्टॉल रेलवे स्टेशन पर लगाई जाएगी। जिससे उस क्षेत्र की लोकल वस्तु का प्रमोशन भी हो सके। वहीं रेलवे स्टेशन पर ही लोगों को आसानी से उस क्षेत्र की प्रसिद्ध वस्तु मिल सके।

जयपुर में सांगानेरी प्रिंट की बेडशीट और उससे बनी वस्तुओं की स्टॉल का लोकापर्ण पीएम मोदी करेंगे। इसी तरह से दौसा की फेमस मिठाई डोवठा की स्टॉल का दौसा रेलवे स्टेशन पर लोकापर्ण किया जाएगा।