जम्मू कश्मीर से आई बस पुलिया पर पलटी, मची चीख- पुकार

जयपुर राजस्थान राज्य

जम्मू कश्मीर से आई बस पुलिया पर पलटी, मची चीख- पुकार

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के रींगस कस्बे में एनएच 52 पर गुरुवार को एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। यहां जम्मू कश्मीर से आई एक बस जयपुर जाते समय रेलवे पुलिया पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे घटना स्थल पर एकबारगी कोहराम मच गया। बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार दूर तक गूंज गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आगे चल रहे बाइक चालक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर पर चढ़ गई, लेकिन दूसरी तरफ की पुलिया की ऊंचाई अधिक होने के चलते बस दोनों लेन के बीच की खाई में ही फंस गई। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। चीख पुकार सुन आसपास के लोगों ने तुरंत दौडकऱ बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। गनीमत से यात्रियों को मामूली चोट ही आई। सडक़ हादसे की सूचना पर खंडेला विधायक सुभाष मील भी मौके पर पहुंचे।

हादसे के बाद रेलवे पुलिया पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हादसे की सूचना पर पहुंची रींगस थाना पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को अन्य वाहनों से जयपुर भिजवाया। बस को क्रेन की मदद से सीधा करवा कर यातायात बहाल करवाया।