महाराष्ट्र में शिवसैनिक सड़क पर उतरे, तानाजी सावंत के कार्यालय में तोड़फोड़; कहा- ‘कोई नहीं बचेगा’

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में शिवसैनिक सड़क पर उतरे, तानाजी सावंत के कार्यालय में तोड़फोड़; कहा- ‘कोई नहीं बचेगा’

महाराष्ट्र: बागी विधायकों से नाराज शिवसैनिक सड़क पर उतर आए हैं। पुणे में विधायक तानाजी सावंत के कार्यालय में शनिवार को शिवसैनिक घुस गए और तोड़फोड़ की। तानाजी बागी विधायकों में से एक हैं। शिवसेना के पुणे शहर प्रमुख संजय मोरे ने कहा, हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तानाजी सावंत के कार्यालय में तोड़फोड़ की। हमारे प्रमुख उद्धव ठाकरे को परेशान करने वाले सभी बागी विधायकों को इस प्रकार की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उनके कार्यालय पर भी हमला होगा।


राज्य में जारी राजनीतिक संकट के बीच ठाणे जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। 30 जून तक जिले में किसी भी तरह के राजनीतिक जुलूस, सभा या नारेबाजी पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है।

शिवसेना को हाईजैक नहीं किया जा सकता
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, हम साथ में बैठेंगे। पार्टी के भविष्य पर चर्चा करेंगे। पार्टी बहुत बड़ी है। इसे आसानी से हाईजैक नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, शिवसेना को पैसे से तोड़ा नहीं जा सकता है। इसे बनाने के लिए लोगों ने कुर्बानी दी है। उन्होंने कहा, एक बार बागी विधायक मुंबई वापस आ जाएंगे, वे फिर से हमारे पक्ष में लौट आएंगे।