43 लाख के नकली नोट बरामद, एसओजी ने दो बदमाशों को दबोचा, 1 लाख असली के बदले 4 लाख नकली नोट की करते थे डील..
दैनिक खबरां,जयपुर। नारायण विहार थाना इलाके में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने शुक्रवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसओजी पिछले करीब 15 दिनों से इस गैंग की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।बताया जा रहा है कि बीकानेर का एक बदमाश इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जो इन नोटों की डीलिंग कर रहा था।
सूचना मिलने पर टीम ने नारायण विहार इलाके में एक फ्लैट पर छापा मारा, जहां से दोनों आरोपियों को डिटेन कर उनके कब्जे से 500-500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए। बरामद नोटों की कुल राशि 43 लाख बताई जा रही है। इस मामले की जांच नारायण विहार थाना पुलिस कर रही है। एडीजी एसओजी वी.के. सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में नकली नोटों के चलन की आशंका को देखते हुए एसओजी की टीमें सक्रिय हैं। जयपुर में नकली नोटों की एक बड़ी खेप पहुंचने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क बाहरी राज्यों से जुड़ा हो सकता है।
26 लाख गड्डी के रूप में, 18 लाख की शीट बरामद
एसओजी को तलाशी के दौरान 26 लाख रुपए के नोटों की गड्डियां और करीब 18 लाख रुपए मूल्य की नोट शीट मिली हैं। यह शीट अभी तक कटिंग नहीं की गई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह खेप किसी अन्य राज्य से जयपुर लाई गई थी और शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया है कि इन नकली नोटों पर पहली बार वाटरमार्क और सिक्योरिटी फीचर भी उभरे हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे असली और नकली नोट में फर्क करना मुश्किल हो रहा है।
1 लाख असली के बदले 4 लाख नकली नोट की डील
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि एक लाख असली नोट के बदले चार लाख रुपए के नकली नोट दिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बीकानेर का एक बदमाश इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जो इन नोटों की डीलिंग कर रहा था। एसओजी और साउथ जिला पुलिस की संयुक्त टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जयपुर समेत कई जगहों पर रेड कर रही है।

