बीकानेर में निजी बसों की वापसी: तीन दिन बाद थमी हड़ताल, आज से 1500 बसें फिर सड़कों पर

बीकानेर राजस्थान विविध समाचार

बीकानेर में निजी बसों की वापसी: तीन दिन बाद थमी हड़ताल, आज से 1500 बसें फिर सड़कों पर


दैनिक खबरां,बीकानेर। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बड़ी राहत देते हुए निजी बस संचालकों की तीन दिवसीय हड़ताल समाप्त हो गई है। शुक्रवार से शहर और आसपास के रूटों पर करीब 1500 निजी बसें दोबारा संचालित होंगी। हड़ताल के कारण प्रतिदिन लगभग 90 हजार यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। हड़ताल खत्म करने की घोषणा बीकानेर बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष समुंद्र सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने बताया कि जयपुर में सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई है, जबकि शेष मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। इसके बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।


तीन दिन तक थमी रही रफ्तार
निजी बसों के बंद रहने से शहर के बस स्टैंड पर अव्यवस्था की स्थिति रही। रोडवेज बसों पर दबाव बढ़ गया और यात्रियों को सीटें नहीं मिल पाईं। कई महिलाओं और बुजुर्गों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। रेलवे में भी वेटिंग लंबी हो गई, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ी।


इन मुद्दों पर बनी सहमति
बस संचालकों के अनुसार टैक्स दरों में राहत, परमिट नवीनीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने, रोड टैक्स व जुर्मानों में कमी तथा डीजल कीमतों के अनुरूप किराया पुनर्निर्धारण जैसे प्रमुख विषयों पर सकारात्मक रुख सामने आया है।


रोजाना 90 हजार यात्रियों को फायदा
औसतन एक बस में 60 यात्रियों की क्षमता के हिसाब से 1500 बसों की वापसी का अर्थ है कि प्रतिदिन करीब 90 हजार यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। निजी बसों के फिर से संचालन से रोडवेज पर दबाव कम होगा, टिकट उपलब्धता बेहतर होगी और यात्रियों को समयबद्ध व किफायती यात्रा के विकल्प मिलेंगे।