नोखा हाइवे पर पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटा, सड़क पर बिखरा तेल लूटने उमड़ी भीड़

बीकानेर विविध समाचार

नोखा हाइवे पर पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटा, सड़क पर बिखरा तेल लूटने उमड़ी भीड़

दैनिक खबरां,बीकानेर। नोखा हाइवे स्थित उदयरामसर बाइपास मोड़ पर शुक्रवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। गुजरात से रवाना होकर जयपुर–जोधपुर मार्ग की ओर जा रहा कच्चे पाम ऑयल से लदा टैंकर मोड़ लेते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा सैकड़ों लीटर तेल सड़क पर फैल गया।
तेल सड़क पर फैलते ही आसपास के गांवों में खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बाल्टियां, जरीकैन, बोतलें और अन्य बर्तन लाकर सड़क पर बिखरे तेल को भरना शुरू कर दिया। कई लोग इसे रिफाइंड खाद्य तेल समझकर अपने साथ ले जाते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकांश ग्रामीणों को यह जानकारी नहीं थी कि यह कच्चा पाम ऑयल है, जिसे शोधन प्रक्रिया के बाद ही उपयोग में लिया जाता है।
टैंकर पलटने से उदयरामसर बाइपास पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालक जाम में फंसे रहे। सूचना मिलने पर गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीआई परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को संभाला।
बाद में क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को हटवाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारू किया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।