जलदाय विभाग के खिलाफ फूटा आक्रोश, कई इलाकों में अब भी नहीं पहुंचा पानी, नयाशहर टंकी पर हुआ विरोध-प्रदर्शन

Bikaner Rajasthan

जलदाय विभाग के खिलाफ फूटा आक्रोश, कई इलाकों में अब भी नहीं पहुंचा पानी, नयाशहर टंकी पर हुआ विरोध-प्रदर्शन

दैनिक खबरां। बीकानेर शहर में नहरबंदी समाप्त हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कई क्षेत्रों में पेयजल संकट अब भी गहराया हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी सर्वोदय बस्ती इलाके में देखने को मिल रही है, जहां पिछले करीब डेढ़ महीने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जलदाय विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर सका है।


इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सुभाष स्वामी के नेतृत्व में सोमवार देर रात बड़ी संख्या में लोग नयाशहर टंकी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि टंकी में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं था। बाद में लोग ऊन मंडी के सामने स्थित न्यू मास्टर पंप हाउस पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए।


आरोप है कि अधिकारियों द्वारा पानी सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिए जाने के बाद रात में कुछ देर के लिए सप्लाई चालू हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में फिर बंद हो गई। इससे नाराज लोग बुधवार सुबह करीब पांच बजे दोबारा नयाशहर टंकी पर एकत्र हो गए और वहीं डटे रहे।


सुभाष स्वामी ने बताया कि जलदाय विभाग की इंजीनियर टीम के साथ क्षेत्र में घर-घर सर्वे भी कराया गया, लेकिन अधिकांश घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। उनका कहना है कि सर्दियों में भी लोगों को मोटर के सहारे पानी लेना पड़ता है, जबकि गर्मी के मौसम में हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं।


प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक क्षेत्र में नियमित और सुचारू पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। लोगों ने धरनास्थल पर ही भोजन और नाश्ते की व्यवस्था भी कर ली है। धरने में क्षेत्र के कई स्थानीय लोग और समाजसेवी मौजूद रहे।