नोखा सहकारी बैंक में 2.90 करोड़ के गबन का मामला, पूर्व शाखा प्रबंधक सहित कई नामजद
दैनिक खबरां,बीकानेर। केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की नोखा शाखा में करोड़ों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नोखा थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलीभगत कर ग्राहकों की एफडीआर और अन्य खातों की राशि का दुरुपयोग करते हुए करीब 2 करोड़ 90 लाख 92 हजार 21 रुपए का गबन किया।
इस संबंध में वर्तमान शाखा प्रबंधक रवि मीणा द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार भूतपूर्व शाखा प्रबंधक ताराचंद बोथरा, ऋण पर्यवेक्षक चैनाराम गोदारा, बैंक सहायक रामस्वरूप सोनी और संविदाकर्मी मूलचंद गोदारा के नाम सामने आए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने बैंक रिकॉर्ड और खातों में हेराफेरी कर लंबे समय तक वित्तीय गड़बड़ियां कीं। रिपोर्ट के अनुसार यह कथित हेराफेरी 10 मई 2016 से 31 जुलाई 2020 के बीच की गई।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपी भूतपूर्व शाखा प्रबंधक ताराचंद बोथरा (सेवानिवृत्त), चैनाराम गोरा ऋण पर्यवेक्षक (सेवानिवृत्त) तथा रामस्वरूप सोनी बैंकिंग सहायक के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि तीनों ने आपसी सांठगांठ कर महेंद्र बोथरा और शांतिलाल बोथरा, जो ताराचंद बोथरा के पुत्र बताए गए हैं, को संविदा पर नियुक्त कर बैंक के ऑनलाइन बैंकिंग कार्य करवाए। आरोपियों ने मिलकर बैंक में जमा ग्राहकों की मियादी जमाओं (एफडीआर) एवं अन्य खातों का दुरुपयोग करते हुए वित्तीय अनियमितताएं कीं और करीब 2.90 करोड़ रुपए का गबन किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा बैंक रिकॉर्ड और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है।

