अब राज बदल गया,बीजेपी सरकार के राज में जनता से जुड़ी हुई कोई भी योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी-सीएम भजनलाल

राजस्थान राजनीति

अब राज बदल गया,बीजेपी सरकार के राज में जनता से जुड़ी हुई कोई भी योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी-सीएम भजनलाल

दैनिक खबरां । सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि अब राज बदल गया, प्रदेश में सुशासन आ गया। बीजेपी सरकार के राज में जनता से जुड़ी हुई कोई भी योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी। बल्कि जनता की सेवाओं में जन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सरकार 100 दिन की कार्य योजना पर कार्य कर रही है। सरकार बीजेपी के संकल्प पत्र में शामिल सभी वादों को पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने आयुष्मान योजना में पांच लाख की सीमा को बढ़ाकर 10 लाख तक किया। इसके बाद अब प्रदेश में इस योजना के तहत खर्च राशि 25 लाख रुपये तक की करने पर कार्य किया जा रहा है। बीजेपी सरकार के राज में नि:शुल्क मिलने वाली दवाइयां बंद नहीं की जाएंगी, बल्कि गंभीर बीमारियों में उपयोगी दवाइयों को भी नि:शुल्क योजना के तहत मरीजों को उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी के सपने को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान सरकार सबका साथ सबका विकास योजना पर कार्य करेगी। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार सहन नहीं किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए है। वहीं, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए अधिकारियों को पाबंद कर दिया गया। इतना ही नहीं, भ्रष्टाचारियों और उनकी सिफारिश करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा। प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य किए जाएंगे। न खाऊंगा और न खाने दूंगा की नीति पर काम होगा, अगर किसी को भ्रष्टाचार करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी और वसूली भी की जाएगी।
एसएमएस अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
सीएम भजनलाल शर्मा ने सुशासन दिवस कार्यक्रम से पूर्व एसएमएस अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक को स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। वहीं, मरीजों के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि अब राज बदल गया है, ये राज जनता से चलने वाला है और आफिस में बैठकर काम चलने वाला नहीं है। एसएमएस अस्पताल की पहचान देश विदेश में है। ऐसे में इस पहचान को बनाए रखने के साथ ही आगे बढ़ाने का काम करना होगा।