पुलिस अभद्रता का नया वीडियो वायरल, शिकायतकर्ता को धमकाने वाला चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

राजस्थान

पुलिस अभद्रता का नया वीडियो वायरल, शिकायतकर्ता को धमकाने वाला चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

दैनिक खबरां। जोधपुर जिले में पुलिस अभद्रता का एक और मामला सामने आया है। कुड़ी भगतासनी थाने में थानाधिकारी द्वारा अधिवक्ता से धक्का-मुक्की का विवाद अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब मथानिया पुलिस थाना क्षेत्र के तिंवरी चौकी प्रभारी की दबंगई का वीडियो वायरल हो गया। आरोप है कि सड़क हादसे में घायल हुए बच्चे के पिता ने जब आरोपी बोलेरो चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवानी चाही, तो चौकी प्रभारी ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि धमकी देते हुए कहा “तेरा घमंड निकाल दूंगा… चुप रह, वरना डॉनगिरी उतार दूंगा।” वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और चौकी प्रभारी एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया।

मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त (केंद्रीय) को सौंपी गई है। घटना 1 दिसंबर की है, जब तिंवरी के मगरे की ढाणी निवासी इकराम नट अपने 9 वर्षीय बेटे साहिल को बाइक पर लेकर मथानिया चौराहे की ओर जा रहे थे। कस्बे के बाजार में पेट्रोल पंप के पास पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए और इलाज शुरू कराया। इसके बाद वे बोलेरो चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर तिंवरी चौकी पहुंचे, जहां कथित तौर पर चौकी प्रभारी ने शिकायत लेने से पहले पीड़ित पिता से अभद्र व्यवहार किया।