ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा वार: 25 हजार का इनामी NDPS तस्कर दबोचा,ड्रग गैंग से जुड़े लेनदेन के उगले राज..

Bikaner Rajasthan

ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा वार: 25 हजार का इनामी NDPS तस्कर दबोचा,ड्रग गैंग से जुड़े लेनदेन के उगले राज..

दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना खाजूवाला ने “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के फरार इनामी आरोपी अभिषेक उर्फ अभिनव उर्फ अभय को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा था।


बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी खाजूवाला अमरजीत चावला के सुपरविजन में की गई। जानकारी के अनुसार प्रकरण संख्या 56/2026, धारा 8/21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट 1985, पुलिस थाना पूगल में आरोपी अभिषेक उर्फ अभिनव उर्फ अभय पुत्र वीर सिंह राजपुरोहित (28) निवासी चाडवास, थाना शिवपुरा, जिला पाली वांछित चल रहा था। आरोपी पर बीकानेर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।


पुलिस थाना शिवपुरा, जिला पाली एवं खाजूवाला पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को निरुद्ध कर पूछताछ की। अनुसंधान में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर रविवार अलसुबह आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुद को मुख्य सरगना राकेश प्रजापत एवं खेताराम मेघवाल गैंग का सदस्य होना स्वीकार किया है। साथ ही गैंग के बीच भारी लेनदेन की बात भी सामने आई है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।