सरकारी मूंगफली तुलाई केंद्रों में गड़बड़ी पर विधायक का तीखा रुख, फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप..
दैनिक खबरां, बीकानेर। मूंगफली तुलाई में गड़बड़ी के मामले में विधायक ताराचंद सारस्वत ने सख़्त रुख अपनाया है। इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 5 नए तुलाई केंद्रों की सरकार द्वारा स्वीकृति दी गई, जो विधायक सारस्वत के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा से आग्रह के बाद संभव हो सका। हालांकि, कुछ स्थानों से यह शिकायतें मिली हैं कि जहां मूंगफली की फसल ही नहीं हुई, वहां फर्जी गिरदावरियाँ बनवाकर तुलाई में गड़बड़ी की जा रही है।
इस पर विधायक सारस्वत ने कहा कि किसानों के हक से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने कलेक्टर और एसडीएम को तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के लिये भी कहा है। सारस्वत ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित और पारदर्शिता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सरकार के इस कदम से क्षेत्र के किसानों में राहत का माहौल बन गया है, जबकि फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मचा है।

