राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की एंजियोप्लास्टी, 3 स्टंट डाले, मेन आर्टरी में मिला 100 प्रतिशत ब्लॉकेज; सीने में दर्द होने पर अस्पताल में हुए थे भर्ती

जयपुर राजस्थान राज्य

राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की एंजियोप्लास्टी, 3 स्टंट डाले, मेन आर्टरी में मिला 100 प्रतिशत ब्लॉकेज; सीने में दर्द होने पर अस्पताल में हुए थे भर्ती

जयपुर। भजनलाल सरकार में पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में एंजियोप्लास्टी की गई। एंजियोग्राफी में उनकी मेन आर्टरी में 100 प्रतिशत ब्लॉकेज मिला था, जिसके बाद 3 स्टंट डालकर ब्लॉकेज खोला गया।

डॉ. एसएम शर्मा ने बताया कि मंत्री की तबीयत अब ठीक है और 48 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद उनको छुट्टी दे दी जाएगी। एंजियोप्लास्टी में डॉ. दिनेश गौतम (एसोसिएट प्रोफेसर) ने भी सहयोग किया।

इससे पहले मंगलवार सुबह सांस में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत के बाद राज्यमंत्री ओटाराम देवासी को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उनकी जांच की तो उन्हें एनजाइना निकला। इसके बाद उनको आईसीयू वार्ड में लेकर गए और डॉक्टर एसएम शर्मा की यूनिट में भर्ती करवाया गया।

ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट और 2डी इको जांच आई नॉर्मल
एसएमएस की कार्डियोलॉजी विंग के एचओडी डॉ. एस.एम. शर्मा ने बताया कि मंत्री ओटाराम देवासी के सभी ब्लड टेस्ट किए गए, जो नॉर्मल आए थे। इसके अलावा 2डी इको की जांच की गई, वह भी सामान्य आई।

यह सभी जांचें नॉर्मल आने के बाद मंत्री की एंजियोग्राफी करके जांच की तो पता चला कि उनकी मेन आर्टरी में 100 प्रतिशत ब्लॉकेज हैं। इसके बाद तीन स्टंट डालकर ब्लॉकेज को खोला गया।