कई लोग 18 को तो कई 19 अगस्त मना रहे हे जन्माष्टमी का पर्व,लेकिन राजस्थान के बड़े मंदिरों जन्माष्टमी महोत्सव इस दिन मनाया जाएगा
बीकानेर@दैनिक खबरां। राजस्थान में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं । इधर , जन्माष्टमी पर्व को लेकर दो अलग – अलग डेट को लेकर कंफ्यूजन है । कई लोग 18 को तो कई 19 अगस्त को जन्माष्टमी का पर्व मना रहे हैं । लेकिन , राजस्थान के बड़े मंदिरों जन्माष्टमी महोत्सव 19 अगस्त को मनाया जाएगा ।
इसको लेकर प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव और जन्माष्टमी की तैयारियां जोर – शोर से चल रही हैं । जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर , राधा दामोदर मंदिर , लाड़ली जी का मंदिर , अक्षय पात्र कृष्ण बलराम मंदिर और इस्कॉन मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं ।

गोविंददेवजी मंदिर में 31 तोपों की सलामी के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा । नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर , जैसलमेर के गिरधारी और बांके बिहारी मंदिर , कोटा के राधा कृष्ण मंदिर , चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर , जोधपुर के श्याम मनोहर प्रभु मंदिर और बालकृष्ण लाल मंदिर , कुंजबिहारी मंदिर , नागौर के बंशीवाला और मीरा मंदिर , उदयपुर के जगदीश मंदिर में जन्माष्टमी पर्व को लेकर लोग कृष्ण भक्ति में डूबने लगे हैं । कृष्ण जन्मोत्सव आने का उल्लास अभी से लोगों के चेहरे पर दिखाई दे रहा है ।
नाथद्वारा में 5 धर्मशाला , 150 होटल , टेम्पल बोर्ड के 5 कॉटेज सारे फुल हैं ।
जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी पर ये रहेंगी व्यवस्थाएं जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में 19 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुबह 4.30 बजे मंगला आरती होगी । रात 12 बजे तिथि पूजन और 31 तोपों की सलामी के साथ ठाकुरजी का जन्माभिषेक होगा ।
जन्माभिषेक में 425 लीटर दूध , 365 लीटर दही , 11 किलो घी , 85 किलो बूरा , 11 किलो शहद से जन्माभिषेक होगा । सालिगराम पूजन और पंचामृत अभिषिक होगा । 6 पंडित वेदपाठ करेंगे । ठाकुरजी को विशेष भोग में पंजीरी के लड्डू , खीर – रबड़ी का भोग लगाया जाएगा । रात को 11 बजे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की व्रत कथा शुरू हो जाएगी । मंदिर परिसर और बाहर 1100 स्वयंसेवक दर्शन और व्यवस्थाएं संभालेंगे 13 LED स्क्रीन और 3 प्लाज्मा टीवी पर LIVE दर्शन की व्यवस्था भी की जा रही है ।
पुलिस प्रशासन के साथ निजी सिक्योरिटी गार्ड्स भी तैनात रहेंगे । 10 मेटल डिटेक्टर से मंदिर में श्रद्धालुओं को एंट्री दी जाएगी । खाटूश्यामजी मंदिर इलाके में हादसे से सबक लेते हुए मंदिर प्रशासन ने बीमार और बहुत ज्यादा बुजुर्ग , गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मंदिर में नहीं आने की अपील की है । जयपुर के तीन मंदिरों में दोपहर 12 बजे मनेगा जन्मोत्सव • अक्षय पात्र मंदिर , जगतपुरा , जयपुर दोपहर 12 बजे , 19 अगस्त • राधा दामोदर मंदिर , चौड़ा रास्ता , जयपुर दोपहर 12 बजे , 19 अगस्त • लाड़ली जी का मंदिर , रामगंज , जयपुर दोपहर 12 बजे , 19 अगस्त

