कोटगेट थाना पुलिस की कार्रवाई में 33.94 किलो डोडा पोस्त जब्त, महिला सहित दो गिरफ्तार

बीकानेर बीकानेर पुलिस

कोटगेट थाना पुलिस की कार्रवाई में 33.94 किलो डोडा पोस्त जब्त, महिला सहित दो गिरफ्तार

दैनिक खबरां,बीकानेर। कोटगेट थाना पुलिस ने रविवार देर शाम एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त एक महिला सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो बैग में भरा कुल 33 किलो 940 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कड़ियां जुटा रही है।

अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए बीकानेर रेंज आईजी हेमन्त शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सागर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी के मार्गदर्शन में, सीओ सिटी श्रवणदास संत की देखरेख में थानाधिकारी कोटगेट धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।

आसूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीबाजार रेलवे फाटक अंडरब्रिज के समीप इमरान खान के मकान/बाड़े पर दबिश दी। मौके से पुलिस ने जेठाराम पुत्र देरामाराम निवासी धुंधवालों की ढाणी, अलाय तथा जसवीर कौर पत्नी बलजीत सिंह निवासी नगराणा, हनुमानगढ़ को दबोच लिया। उनके पास से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।