कोटगेट पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल किया बरामद
दैनिक खबरां, बीकानेर। कोटगेट पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। परिवादी नन्दकिशोर गांधी निवासी ट्रांसपोर्ट गली ने 14 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दी थी कि 12 नवंबर की रात अज्ञात चोर उनके ऑफिस लक्ष्मी बिल्डिंग ट्रांसपोर्ट गली में घुसकर ताले तोड़कर चोरी कर गए। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी और वृताधिकारी नगर अनुज डाल के निर्देशन में थानाधिकारी कोटगेट धीरेन्द्र सिंह और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और आसूचना के आधार पर संदिग्ध बुधराम उर्फ भोगलिया उर्फ विशाल निवासी प्रताप बस्ती को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने ऑफिस में चोरी करने की बात स्वीकार की, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी हुआ सम्पूर्ण सामान बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 23 वर्ष है और वह प्रताप बस्ती, चौखुंटी फाटक बीकानेर का रहने वाला है। कार्रवाई थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह, सउनि राधे राम, कानि अनिल तथा कानि कुलदीप की टीम द्वारा की गई। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है।

