पिता की हत्या कर शव दफनाने वाला आरोपी कलयुगी पुत्र गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

पिता की हत्या कर शव दफनाने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार

दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना बज्जू ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पिता की हत्या करने वाले आरोपी पुत्र को गिरफ्तार किया है। मामला 27 नवंबर 2025 का है, जब गौडू निवासी 78 वर्षीय गोपीराम पुत्र लेखराम विश्नोई की उनके ही पुत्र योगराज ने खेत ढाणी चक 06 एमडीएम (बी) में हत्या कर दी थी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपी ने अगले दिन 28 नवंबर को शव को अपने दूसरे खेत चक 03 एमडीएम रोही गौडू में दफना दिया था।

मृतक के बड़े पुत्र ख्यालीराम ने अपने भाई योगराज के खिलाफ हत्या व साक्ष्य नष्ट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस पर थाना अधिकारी जगदीश प्रसाद, पुलिस निरीक्षक ने हत्या व साक्ष्य खुर्द-बुर्द करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की ।

मामले की गंभीरता देखते हुए रेंज आईजी हेमन्त शर्मा, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा सीओ कोलायत संग्रामसिंह के निर्देश व सुपरविजन में पुलिस टीम नें घटना स्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए। वंही पुलिस ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दफनाया गया शव बाहर निकलवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद आरोपी योगराज पुत्र गोपीराम विश्नोई (उम्र 28 वर्ष) निवासी गौडू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हत्या के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।