



भारत–यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेय वॉरियर-25’ सफलतापूर्वक सम्पन्न,दोनों सेनाओं ने दिखाई संयुक्त ऑपरेशनल क्षमता
दैनिक खबरां,बीकानेर। राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित भारत–यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेय वॉरियर-25’ 30 नवंबर 2025 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। पंद्रह दिनों तक चले इस अभ्यास में दोनों देशों की सेनाओं ने अर्ध-शहरी इलाकों में आतंकवाद-रोधी अभियानों, संयुक्त युद्धक रणनीतियों और आधुनिक सैन्य तकनीकों का गहन प्रशिक्षण लिया।
अभ्यास के आठवें संस्करण में भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट और ब्रिटिश सेना की रॉयल गोरखा रेजिमेंट के कुल 240 चयनित सैनिकों ने भाग लिया। संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित परिदृश्यों के अनुरूप तैयार किए गए इस अभ्यास में हेलीबोर्न ऑपरेशन, रूम इंटरवेंशन, कॉर्डन-एंड-सर्च, एडवांस्ड टैक्टिकल मूवमेंट, संयुक्त योजना निर्माण और ऑपरेशनल वॉर-गेम्स जैसे कई महत्वपूर्ण चरण शामिल रहे। दोनों सेनाओं ने वेलिडेशन फेज के दौरान बेहतरीन इंटर ऑपरेबिलिटी, सटीकता और टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जो बढ़ते सामरिक समन्वय का स्पष्ट संकेत है।
समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैनिकों को सम्मानित किया गया। ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को ध्यान में रखते हुए स्वदेशी हथियार प्रणालियों और रक्षा उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने देश की बढ़ती रक्षा-उत्पादन क्षमता को रेखांकित किया।
‘अजेय वॉरियर-25’ ने भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच रक्षा सहयोग को एक नई मजबूती प्रदान की है। यह अभ्यास न केवल दोनों सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, समझ और पेशेवर तालमेल को बढ़ाता है, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी और दृढ़ करता है।

