चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर गिरफ्तार, ढेरों सामान बरामद, देखें सूची..

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर गिरफ्तार, ढेरों सामान बरामद, देखें सूची..


दैनिक खबरां,बीकानेर। नयाशहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती 2 अक्टूबर को मुरलीधर व्यास कॉलोनी में हुई चोरी के संदर्भ में हुई है। मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी अशोक पुरोहित ने अपने घर में लाखों के जेवर व नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दी थी।

जिसके बाद पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी के निर्देशन तथा वृताधिकारी नगर श्रवणदास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी कविता पुनियां के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबीर सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने पहले चोरी के आरोपी श्यामसुन्दर, कैलाश उर्फ केलीया और सुभाष को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी जम्भेश्वर नगर निवासी है। पूछताछ में इन आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषण गंगाशहर निवासी ज्वेलर राकेश सोनी को बेचे जाना स्वीकार किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए राकेश सोनी पुत्र जतनलाल सोनी (निवासी करनी माता मंदिर के पास, चोपड़ा बाड़ी, गंगाशहर) को गिरफ्तार कर लिया है। उससे चोरी के सोने-चांदी के जेवरात के संबंध में पूछताछ व अनुसंधान जारी है।

थानाधिकारी कविता पुनियां के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम में हेडकांस्टेबल श्रवण सिंह, शेर सिंह, नरेश कुमार और अशोक कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता मिली है।

यह हुई बरामदगी

सोने के 6 सेट, 6 अंगूठियां, 6 जोड़ी कान के जेवर, 2 बड़े हार, 6 छोटे हार, 8 सोने की चुड़ियां, 12 जोड़ी कानों के टॉप्स, 3 सोने की चेन, 4 सोने के कंगन, 7 जोड़ी बाली, 1 सोने की रखड़ी, 3 सोने की नथ, 2 सोने के बिस्किट, 3 सोने के मंगलसूत्र, 3 सोने के नोट, 10 बड़ी चांदी की पायलें, 5 छोटी चांदी की पायलें, 2 जोड़ी रमझोल, 20 चांदी के बिस्किट, 101 चांदी के सिक्के, 5 चांदी के नोट, 8 चांदी के गिलास, 10 चांदी के प्याले, 4 चांदी के लोटे, 1 चांदी का जग, 1 चांदी का कंदोला (सोने की पॉलिश सहित), 7 छोटी चांदी की कटोरियां, 2 चांदी के जेंट्स कड़े, 1 चांदी का गणेश जी, 1 चांदी का हाथी छल्ला, 3 चांदी के फल-घूघरे, 40 जोड़ी चांदी की बिछिया, ₹80,000 नकद राशि, 3 मोबाइल फोन (1 सैमसंग, 2 वीवो)