लूट नहीं, नाटक था पूरा! पुलिस को घंटो तक दौड़धुप कराने वाले चार गिरफ्तार
दैनिक खबरां, बीकानेर। शुक्रवार देर शाम पुलिस ने एक मनगढ़ंत लूट और मारपीट की सूचना का पर्दाफाश करते हुए एक ट्रक चालक समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया। लूट की झूठी खबर से पुलिस को कई घंटे तक बेवजह भागदौड़ करनी पड़ी। घटना नापासर थाने से जुड़ी हुई है। नापासर पुलिस को देर शाम 100 नंबर पर सूचना मिली थी कि उदयरामसर बाइपास टोल नाके के पास कुछ लोगों ने ट्रक चालक से मारपीट कर 45 हजार रुपए लूट लिए हैं। सूचना मिलते ही एएसआई जगदीश कुमार मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान ट्रक चालक गजानंद ब्राह्मण निवासी महाजन ने कबूल किया कि उसने अपने ट्रक मालिक लक्की सोनी के कहने पर झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी। चालक ने बताया कि एक कार में बैठे दो-तीन युवकों ने उसका ट्रक रोका था, लेकिन न तो उससे पैसे छीने गए और न ही किसी ने मारपीट की। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए संदिग्ध कार और युवकों की तलाश शुरू की। बीकानेर शहर के सांगलपुरा, तिलक नगर और जेएनवी कॉलोनी क्षेत्रों में सर्च के बाद टीम को सागर रोड स्थित डीमार्ट के पास कार और तीन युवक मिले। पूछताछ में दो युवकों ने बताया कि वे फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं और वाहन जांच के लिए ट्रक को रोका था।
पुलिस ने झूठी सूचना फैलाने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में चार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों में गजानंद ब्राह्मण निवासी महाजन, दिनेश उर्फ रामनारायण बिश्नोई निवासी सावंतसर, जितेंद्र डूडी निवासी नापासर और पूनमचंद उर्फ पवन ब्राह्मण निवासी ठुकरियासर शामिल हैं। थानाधिकारी लक्ष्मण सुथार ने बताया कि ऐसे मामलों में पुलिस का कीमती समय और संसाधन व्यर्थ होते हैं। उन्होंने कहा कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत न करे।

